तेज रफ्तार कार ने छी नी 4 साल के मासूम की जिंदगी, 2 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बहरोल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे को दो महीने बीत जाने के बाद भी आरोपी चालक पर कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार अब न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुल्ल निवासी रामजी लोधी ने एसपी अनुराग सुजानिया को आवेदन देकर बताया कि बीते 13 मार्च को उनका 4 वर्षीय बेटा प्रशांत घर के बाहर सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार क्रमांक एमपी 15 सीसी 9214 ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने मामला तो दर्ज किया, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद आरोपी चालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से नाराज मृतक बच्चे के माता-पिता मंगलवार को सागर एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उनका इकलौता मासूम बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उन्हें आज तक न्याय नहीं मिला। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
वहीं पुलिस अधिकारियों ने आवेदन लेकर मामले की जांच का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।