Sagar -दमोह रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो और बाइकों को मारी टक्कर, 4 पहुँचे अस्पताल
सागर-दमोह मार्ग पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो और मोटरसाइकिलों से टकरा गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल गढ़ाकोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
यह घटना गढ़ाकोटा तहसील अंतर्गत ग्राम चनौआ बुजुर्ग के पास हुई। बताया जा रहा है कि सागर से दमोह की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे सवारी ऑटो तथा मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो और कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में घायल हुए लोगों को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ाकोटा तहसीलदार महेश दुबे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तहसील कर्मचारियों के साथ मिलकर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ाकोटा पहुंचाया और इलाज की व्यवस्था कराई।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवम दुबे भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक सागर-दमोह मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
फिलहाल सभी घायल गढ़ाकोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचाररत हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।