ग्राहकों को मिल रहा था कम पेट्रोल, 3 नोजल सील, पेट्रोल पंप पर बड़ा खुलासा!
मध्यप्रदेश के भोपाल के एक पेट्रोल पंप पर नापतौल विभाग की छापेमार कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि ग्राहकों को तय मात्रा से कम पेट्रोल दिया जा रहा था। कार्रवाई के बाद विभाग ने तुरंत 3 नोजलों को सील कर दिया। अब इस पूरे मामले ने शहर में पेट्रोल पंपों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला एमपी नगर जोन-2 स्थित प्रगति पेट्रोल पंप का है, जहां सोमवार शाम नापतौल विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित इस पेट्रोल पंप पर अधिकारियों ने 5 लीटर के सत्यापित मापदंड से मशीनों की जांच की। जांच में 3 नोजलों से कम पेट्रोल दिए जाने की गड़बड़ी सामने आई।
नापतौल विभाग के मुताबिक पेट्रोल पंप पर कुल 6 मशीनें और 26 नोजल संचालित हो रहे थे। नियमों के अनुसार 25 एमएल से अधिक की कमी पाए जाने पर कार्रवाई का प्रावधान है। इसी आधार पर विभाग ने मामला दर्ज कर संबंधित नोजलों को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि अब पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए समिति बनाई जाएगी। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। यह कार्रवाई सीआईएस अभियान के तहत की गई, जिसके अंतर्गत शहर के पेट्रोल पंपों की नियमित जांच होती है।
कार्रवाई के दौरान पेट्रोल पंप प्रबंधन कैमरे से बचता नजर आया। मीडिया को देखते ही कार्यालय का दरवाजा बंद कर दिया गया और मैनेजर बिना जवाब दिए वहां से निकल गया। जानकारों की मानें तो हर 5 लीटर पर कुछ एमएल की कटौती लंबे समय में लाखों के मुनाफे में बदल सकती है। अब सवाल ये है कि क्या भोपाल के दूसरे पेट्रोल पंपों पर भी ऐसा खेल चल रहा है? विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।