चोर बोला चोरी करना पाप है पुलिस हमारी बाप है, गिरफ्तार चोर ने चुराई थी जप्त बाइक
बीच बाज़ार पुलिस की मौजूदगी में एक चोर का जुलूस निकाला जा रहा था। जो जोर जोर से कह रहा था की चोरी करना पाप है पुलिस हमारी बाप है। ये पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल मामला विदिशा जिले के लटेरी क्षेत्र का बताया जा रहा है जहां चोर को बाइक चुराने की सजा भुगतनी पड़ी उसे सबक सिखाने के लिए उसका जुलूस निकाला गया। हैरानी की बात ये है की चोर ने उस मोटर साइकिल को चुराया था जो अवैध लकड़ी तस्करी के मामले में पकड़ी गयी थी।
जानकारी के मुताबिक मदनखेड़ी निवासी आरोपी नसीम खान ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वन विभाग कार्यालय परिसर से जब्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। यह बाइक वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के मामले में जब्त कर परिसर में खड़ी की थी। घटना सामने आने के बाद लटेरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी का क्षेत्र में जुलूस निकाला और लोगों को अपराध से दूर रहने का संदेश दिया।
थाना प्रभारी जय कुमार सिंह के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जुलूस के बाद पुलिस ने आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया, जहां आगे की कार्रवाई जारी है।