सागर- सरपंच पर मनमानी के आरोप, स्कूल परिसर में बनवा रहे भवन,शिक्षा विभाग से नहीं ली अनुमति !
सागर जिले के खुरई क्षेत्र में एक सरपंच पर मनमानी के आरोप लग रहे हैं। वह ग्राम पंचायत में मनमाने तरीके से निर्माण कार्य करा रहे हैं। हैरानी की बात ये है की जहाँ पर पंचायत भवन बनाया जा रहा है वहां स्कूल के बच्चे खेलते हैं। बताया गया की खुरई के प्यासी गांव में सरपंच ने शिक्षा विभाग की अनुमति के बिना ही प्राथमिक स्कूल के परिसर में पंचायत भवन के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। दरअसल कई ग्राम पंचायतों में देखने में आ रहा है कि सरपंच अपने मनमाने तरीके से निर्माण कार्य करवा रहे हैं। न तो जनपद पंचायत के अधिकारी निरीक्षण करते हैं और न ही सचिव और रोजगार सहायक भी कोई रुचि नहीं लेते हैं। ग्राम पंचायतों में ऐसे कई कार्य कराए जाते हैं, जिनका कोई उपयोग नहीं होता है। ऐसा ही प्यासी ग्राम पंचायत के सरपंच का कारनामा सामने आया है। जहां पर सरपंच ने बिना शिक्षा विभाग से अनुमति लिए पंचायत भवन का निर्माण स्कूल के ठीक सामने पड़े मैदान में करना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव की मनमानी से यह काम हो रहा है। जबकि गांव में और भी जगह खाली पड़ी हुई है, जहां पर आसानी के साथ पंचायत भवन बनाया जा सकता है। जिस जगह पर पंचायत भवन बनना उपयुक्त होगा, आरोप है की वहां की सरकारी जमीन पर सरपंच खुद कब्जा किए हुए हैं। जिसके कारण वहां पंचायत भवन न बनाकर स्कूल मैदान में बनाया जा रहा है। ऐसे में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। इस संबंध में जब प्यासी ग्राम पंचायत के सरपंच सत्यम कुर्मी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मेरे पास अभी बात करने का समय तक नहीं है।-