ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़! खेत में चल रही थी गुप्त लैब, CBN ने मारी रेड | SAGAR TV NEWS |
एमपी के मंदसौर जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो यानी CBN ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सिंथेटिक ड्रग्स लैब का भंडाफोड़ किया है। यह गुप्त लैब दलौदा तहसील के लसूड़िया क्षेत्र में खेत के बीच संचालित की जा रही थी, जहां भारी मात्रा में मेफेड्रोन और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल बरामद किए गए हैं।
CBN राजस्थान को इस अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर चित्तौड़गढ़ डिवीजन की टीमों और मध्यप्रदेश यूनिट के अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई की। कड़ी निगरानी और इलाके की मैपिंग के बाद टीम ने खेत में बने एक कमरे पर छापा मारा, जहां ड्रग्स तैयार करने की पूरी सेटिंग बनाई गई थी।
रेड के दौरान अधिकारियों ने मौके से करीब 21 किलो से ज्यादा मेफेड्रोन, अफीम और बड़ी मात्रा में केमिकल जब्त किए। इसके अलावा ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, मशीनें और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। अधिकारियों के मुताबिक यह लैब लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित की जा रही थी।
CBN की टीम ने मौके पर ही लैब को ध्वस्त कर दिया और अवैध कारोबार में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट यानी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय नारकोटिक्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस ड्रग्स सिंडिकेट के तार किन राज्यों और लोगों से जुड़े हुए हैं।
CBN अब केमिकल्स के स्रोत, पैसों के लेन-देन और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इस गिरोह का कनेक्शन अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी से भी हो सकता है।
मंदसौर में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। खेतों के बीच चल रही इस गुप्त ड्रग्स लैब ने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है।