सागर- किसानों की समस्याएं जानने पहुंचे कांग्रेसी, किसान बोले पल्लेदारी के भी लिए जा रहे पैसे
सागर जिले के शाहगढ़ में जब कांग्रेस नेता किसानों के बीच उनसे बातचीत करने पहुंचे तो किसानों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जहां कृषि उपज मंडी में उन्होंने आरोप लगाया की उनसे पल्लेदारी और फीडिंग कराये जाने के भी पैसे लिए जा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा की पल्लेदारी के पैसे का पूरा भुगतान शासन की ओर से किया जाता है। इस दौरान किसानों ने खरीदी प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को सामने रखा। जिस पर कांग्रेस नेताओं ने समाधान के लिए प्रशासन से बात करने का आश्वासन दिया है।
दरअसल सागर के शाहगढ़ कृषि उपज मंडी में चल रहे गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जो मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी सागर (ग्रामीण) अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शाहगढ़ के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बंडा के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के बीच पहुंचे थे।
बताया जा रहा है की कांग्रेस नेताओं ने किसानों से सीधे बातचीत कर गेहूं, चना और मसूर खरीदी में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। किसानों के बीच जाकर उनसे बात करते हुए परेशानियों को सुना और उन्हें आश्वस्त भी कराया की प्रशासन को इन सभी मामलों से अवगत कराये जाने के बाद समस्याओं का उचित समाधान किया जायेगा। इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष श्री राम यादव सुधील गुप्ता समेत कई अन्य लोगों की मौजूदगी रही।