महिला के गाली देने से पड़ोसियों में हुआ विवाद, पिता का मर्डर, 3 लोग घायल
पड़ोस में रहने वाली एक मानसिक रूप से कमजोर महिला के गाली गलौच करने की वजह से दो पड़ोसयों में विवाद हो गया। जो इतना बढ़ गया की इसमें एक व्यक्ति की मारपीट के बाद जान चली गयी। सनसनीखेज घटना दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत सामने आई है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी पर मर्डर का मामला दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है की नरसिंहगढ़ चौकी के खड़ेरा मोहल्ले में सुबह के समय पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में 58 साल के मुन्नालाल जैन की जान चली गई। जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक मृतक मुन्नालाल जैन की मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी कविता जैन घर पर ही रहती थी। जहां उसने पड़ोसी धर्मेंद्र सिंह लोधी को गालियां दीं, जिससे विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मृतक की बेटी वर्षा जैन ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र सिंह अपनी पत्नी लक्ष्मी लोधी के साथ घर पहुंचे और उनके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए भाई पप्पू जैन, जीजा दिनेश जैन और बहन कविता जैन के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जिसके बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने मुन्नालाल जैन को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
देहात थाना प्रभारी अमित गौतम ने बताया कि दोनों पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की जान गई वहीं तीन लोग घायल हैं। आरोपी धर्मेंद्र सिंह लोधी और उनकी पत्नी लक्ष्मी लोधी को गिरफ्तार कर मर्डर का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरी तरफ मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ कविता जैन के व्यवहार से क्षेत्रवासी लंबे समय से परेशान थे। कई बार परिजनों और पुलिस को इसकी शिकायत भी की गई थी। लेकिन समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए। फिलहाल पुलिस ने बॉडी का पोस्टमार्टम कराते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।