अज्ञात वाहन की टक्कर से भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष समेत दोस्त की गई जान,लोगों का फूटा गुस्सा
अज्ञात वाहन की टक्कर की वजह से भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नेता समेत दो युवकों की जान जाने के बाद हंगामा हो गया। गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया जिस वजह से वाहनों की आवाजाही थम गयी। मुख्य मार्ग का यातायात पूरी तरह से थम गया। वहीं इस दौरान हालात तनावपूर्ण बन गए। मामला एमपी के शहडोल जिले से सामने आया है। बताया जा रहा है की ब्यौहारी क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद बवाल मच गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से भाजपा युवा मोर्चा के नेता समेत दो युवकों की जान जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने टिहकी के पास मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। यह घटना जोरा पुल के पास हुई। जहां रात के अंधेरे में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। जिसमें टिहकी गांव निवासी भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके मित्र अतुल तिवारी एक वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक जान चली गई।
इस बात की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए टिहकी के पास मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था की घटना के एक घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन और उसके चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हिट एंड रन की घटनाओं पर प्रशासन की चुप्पी और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव को लेकर भी लोगों ने जमकर आक्रोश जताया। जाम की वजह से शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप हो गया।
लोगों का गुस्सा इसलिए भी था क्योंकि 24 घंटे में यह जिले की दूसरी बड़ी हिट एंड रन की घटना हुई। इससे पहले बुढार में एक अज्ञात ट्रेलर ने कुलपति के ड्राइवर को कुचल दिया था। जिससे उसकी जान चली गयी थी। इस मामले को भी पुलिस ने जांच में लिया है।------