सागर- सिल्वर जुबली बनी दूसरी शादी! 25वीं सालगिरह पर फिर बने दूल्हा-दुल्हन, पूरे मोहल्ले ने किया जश्न
सागर के मकरोनिया क्षेत्र से एक ऐसा खूबसूरत और अनोखा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। यहां कृष्णा नगर वार्ड में रहने वाले शारदा सोनी और उनकी पत्नी ने अपनी शादी की 25वीं सालगिरह को बिल्कुल शादी समारोह की तरह धूमधाम से मनाया। पूरा माहौल ऐसा नजर आया मानो घर में फिर से बारात आई हो। करीब 50 वर्षीय शारदा सोनी और उनकी 47 वर्षीय पत्नी ने अपनी सिल्वर जुबली को यादगार बनाने के लिए हर वह रस्म निभाई, जो आमतौर पर शादी में होती है। हल्दी की रस्म, मेहंदी समारोह, संगीत और पारंपरिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।
घर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटें, फूलों की सजावट और संगीत की धुनों के बीच परिवार, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग जमकर झूमते नजर आए। हर कोई इस अनोखे जश्न को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करता दिखाई दिया। इस खास मौके पर शारदा सोनी दंपत्ति ने एक बार फिर दूल्हा-दुल्हन की तरह तैयार होकर सभी का दिल जीत लिया। लोगों का कहना था कि अक्सर जिंदगी की भागदौड़ में इंसान अपनी खुशियों को पीछे छोड़ देता है, लेकिन इस दंपत्ति ने यह साबित कर दिया कि रिश्तों में प्यार और अपनापन जिंदा रहे, तो हर दिन त्योहार बन सकता है।
मोहल्ले के लोगों ने भी इस आयोजन की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी शादी की सालगिरह को इतने भव्य और पारंपरिक अंदाज में मनाते देखा है। अब यह अनोखा सिल्वर जुबली सेलिब्रेशन पूरे मकरोनिया और सागर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। जिसने भी यह आयोजन देखा, उसके चेहरे पर मुस्कान जरूर आ गई। यह आयोजन एक खूबसूरत संदेश भी दे गया कि जिंदगी सिर्फ जिम्मेदारियों का नाम नहीं, बल्कि खुशियों को जीने का भी नाम है।