सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने खुद दिया फीडबैक, सागर को बनाना है देश का सबसे स्वच्छ शहर | SAGAR TV NEWS
सागर को स्वच्छता की रैंकिंग में देश के अग्रणी शहरों में शामिल कराने के लिए प्रशासन अब मिशन मोड में काम कर रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने खुद सिटीजन फीडबैक देकर शहरवासियों को स्वच्छता अभियान से जुड़ने का संदेश दिया है। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री और निगम अधिकारियों के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शहर में चल रहे साफ-सफाई अभियान, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को बेहतर रैंकिंग हासिल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि इस बार सागर को स्वच्छता के हर मापदंड पर बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पिछले वर्षों में जिन पैरामीटरों पर कम अंक मिले थे, उनमें सुधार करते हुए पूरे 12 हजार 500 अंक प्राप्त करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सागर को नंबर-1 बनाने के लिए प्रशासन और जनता दोनों की साझेदारी जरूरी है। नगर निगम की टीमें रोजाना डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सड़कों और नालियों की सफाई तथा सार्वजनिक शौचालयों की सफाई जैसे कार्य कर रही हैं। ऐसे में नागरिकों को भी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से खुले में कचरा न फेंकने, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने और डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहर में स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए लगातार आधारभूत सुविधाओं में सुधार कर रहा है। सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और जल स्रोतों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत सिटीजन फीडबैक देने की अपील करते हुए कहा कि जनता का सकारात्मक सहयोग ही सागर को देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनाएगा।