Sagar- छोटी सी गलती से भड़क गई आग,तेज आंधी-हवा ने आग बुझाने छुड़ाए पसीने, नरवाई से फैली आग
कहते हैं की एक छोटी सी गलती की वजह से बड़ी घटना हो जाती है। इसी तरह का नज़ारा सागर के नरयावली थाना क्षेत्र के जरुआखेड़ा में भी देखने को मिला जहां नरवाई की आग ने भयंकर रूप ले लिया। जिस वजह से कई खेत इसकी चपेट में आ गए और नरवाई के अलावा कई पेड़ जलकर ख़ाक हो गए। आग ने भयंकर रूप ले लिया। बताया जा रहा है की जरुआखेड़ा में आग का भयंकर तांडव देखने को मिला। सागर बीना मार्ग मेन रोड के दोनों तरफ नरवाई जलाने से आग फैली। आलम ये था की तेज चलने वाली हवा ने बिल्कुल पेट्रोल की तरह काम किया।
आग इतनी तेजी से फैलती जा रही थी की उस पर काबू पाना भी मुश्किल हो रहा था। इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है की सड़क से निकलने वाले लोग भी नहीं निकल पा रहे थे। लेकिन काफी मशक्कत और सूझबूझ की बदौलत आग पर काबू पा लिया गया। जिसके बाद लोगों ने रहत की सांस ली। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हो पाई। तेज आंधी हवा की वजह से आग बुझाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया गया की हाई स्कूल के पीछे नाले के दूसरी ओर एक अज्ञात व्यक्ति ने खेत की नरवाई में आग लगा दी गई। इसी दौरान अचानक चले तेज तूफान ने आग को भयावह रूप दे दिया। देखते ही देखते लपटें कई किसानों के खेतों की नरवाई में फैल गईं। आग की तेज़ लपटें और धुंए का गुबार दूर से भी दिखाई दे रहा था। जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पर प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए सरपंच की पहल पर पंचायत के पानी के टैंकर को तुरंत आग बुझाने के काम में लगाया गया। वहीं लोगों को इस बात की चिंता सता रही थी की आग कहीं नदी को पार न कर ले क्योंकि वह अभी सूखी हुई है। अगर तेज हवा की वजह से चिंगारी फैलती तो बड़ी घटना हो सकती थी। क्योंकि नदी के दूसरी तरफ घनी बस्ती है।
प्रशासन की टीम और ग्रामीणों ने जी तोड़ मेहनत करते हुए आग पर काबू पाया। पुलिस अज्ञात आगजनीकर्ता की तलाश कर रही है।