सागर- म-र्डर का आरोपी जमानत पर छूटा,ई-ऑटो चोरी में पकड़ा गया
सागर में बीते 5 मई को एक ई ऑटो चोरी हो गया था। मामले में मोतीनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां ऑटो चुराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया जिसने अपना जुर्म कबूल किया। साथ ही करीब साढ़े 5 लाख रूपये कीमत का ऑटो भी जप्त किया गया है। हैरानी की बात तो ये है की आरोपी पर मर्डर का मामला दर्ज है उसे 14 साल की सजा हुई थी। वह जमानत पर बाहर आया था। जिसके बाद उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। बता दें की यह पूरा मामला सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र का है।
बताया गया की बीते 5 मई को सूबेदार वार्ड के भरका निवासी फरियादी राहुल रजक ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी की उसके दो ई-ऑटो वाहन किराये से चलते हैं। उसका ई-ऑटो क्रमांक MP 15 ZN 1951 चालक चन्द्रशेखर रजक चलाता है। 5 मई को वह भाग्योदय अस्पताल सवारी छोड़ने गया था। उसने ई-ऑटो सड़क किनारे खड़ा कर फुटकर पैसे कराने गया। वापस लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला। फरियादी और परिजनों ने आसपास काफी तलाश किया। लेकिन कुछ पता नहीं चला। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की। जहां घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश पतासाजी की गई। जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर संत रविदास वार्ड निवासी अन्नू उर्फ अनिल अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसने चोरी की घटना को कबूल किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया 5 लाख 30 हजार कीमत का ई-ऑटो बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जांच पड़ताल में सामने आया की आरोपी अनिल पर पूर्व में मर्डर का मामला दर्ज किया गया था। उसे 14 साल की सजा हुई थी। वह जमानत पर बाहर आया था।-