20 करोड़ श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 7800 ट्रेनें, सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज, उज्जैन पहुंचे रेलवे जीएम
सिंहस्थ 2028 को लेकर एमपी के उज्जैन में तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भी अपना मेगा प्लान तैयार कर लिया है। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे आज उज्जैन पहुंचे और सिंहस्थ से जुड़े रेलवे प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सिंहस्थ मेले में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे 7800 से ज्यादा ट्रेनें चलाएगा।
उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होना है, जिसमें देश-विदेश से करीब 20 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रेलवे विभाग अभी से युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गया है। इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने के लिए पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे मुंबई से उज्जैन पहुंचे। उन्होंने रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सिंहस्थ से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद उज्जैन रेलवे स्टेशन पर मीडिया से चर्चा करते हुए रेलवे जीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे इस बार 7800 से अधिक यात्री ट्रेनें संचालित करेगा। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के बाहरी क्षेत्रों—चिंतामण, पंवासा, विक्रम नगर और पिंगलेश्वर में अत्याधुनिक रेलवे प्लेटफॉर्म और सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।उन्होंने बताया कि सिंहस्थ को लेकर अब तक लगभग 800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है और सभी प्रोजेक्ट तय समय-सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे।
रेलवे की इस व्यापक तैयारी को देखते हुए साफ है कि सिंहस्थ 2028 को लेकर इस बार व्यवस्थाओं को हाईटेक और सुगम बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल रेलवे और प्रशासन सिंहस्थ 2028 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।