सागर- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कांग्रेस के धरने पर बड़ा हमला! बोले किसानों के नाम पर राजनीति बंद करे कांग्रेस
सागर में किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस किसानों के नाम पर सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम कर रही है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले ले रही है, जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि सड़क पर धरना देने के बजाय खरीदी केंद्रों पर जाकर किसानों की सेवा करें। कम से कम किसानों को एक गिलास ठंडा पानी ही पिला दें, इससे उन्हें राहत मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेती को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। भाजपा सरकार ने किसानों को सम्मान निधि, बोनस, सिंचाई सुविधा और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी योजनाओं से आर्थिक मजबूती दी है। गोविंद सिंह राजपूत ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को आंदोलन करने से पहले किसानों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों को उनकी उपज का उचित समर्थन मूल्य नहीं मिलता था और वर्षों तक स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें भी लागू नहीं की गईं।
मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने गेहूं के समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। मध्यप्रदेश में किसानों से 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है, जिसमें 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी शामिल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 8 लाख 42 हजार किसानों से 47 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए 3623 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं और खरीदी की अंतिम तारीख भी बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण आज मध्यप्रदेश देश के अग्रणी कृषि राज्यों में शामिल हो चुका है।