मुस्लिम जेल अधिकारी को हुआ उम्रकैद काट चुके युवक से प्यार! हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के लवकुशनगर से एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसने समाज के सामने इंसानियत और भाईचारे की नई मिसाल पेश की है। केंद्रीय जेल सतना में पदस्थ मुस्लिम समाज की सहायक जेल अधीक्षक फिरोजा खातून ने उम्रकैद की सजा काट चुके हिंदू युवक धर्मेंद्र सिंह से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी कर ली। यह अनोखी शादी 5 मई को लवकुशनगर के एक मैरिज हाउस में वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू परंपराओं के साथ संपन्न हुई। खास बात यह रही कि मुस्लिम अधिकारी के परिवार वाले इस शादी से नाराज थे और समारोह में शामिल नहीं हुए। ऐसे में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आगे आकर कन्यादान किया और इस शादी को सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताया।
बताया जा रहा है कि फिरोजा खातून की मुलाकात केंद्रीय जेल सतना में ड्यूटी के दौरान धर्मेंद्र सिंह से हुई थी। उस समय फिरोजा जेल में वारंट इंचार्ज थीं, जबकि धर्मेंद्र जेल में वारंट से जुड़ा काम देखता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। परिवार और समाज की परवाह किए बिना दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला लिया और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। शादी की खबर सामने आते ही केंद्रीय जेल सतना में यह मामला चर्चा का विषय बन गया। कैदियों से लेकर जेल अधिकारियों तक हर कोई इस जोड़े को बधाई देता नजर आया।
धर्मेंद्र सिंह का नाम पहले एक चर्चित हत्या मामले में सामने आया था। वर्ष 2007 में नगर परिषद चंदला के उपाध्यक्ष कृष्ण दत्त दीक्षित की हत्या के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब 14 साल जेल में बिताने के बाद अच्छे आचरण के चलते उसे रिहा कर दिया गया था। पिछले चार वर्षों से वह जेल से बाहर था। अब यह शादी पूरे इलाके में गंगा-जमुनी तहजीब और प्रेम की मिसाल बनकर चर्चा में है।