बारात में मट्ठा पीना पड़ा भारी! कुत्ते के काटे वाली गाय के दूध से बना था मही, 92 लोगों को लगे रेबीज इंजेक्शन
एमपी के छिंदवाड़ा जिले के भैंसादंड गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह में परोसा गया मट्ठा बारातियों के लिए डर और दहशत का कारण बन गया। जैसे ही लोगों को पता चला कि जिस गाय के दूध से मट्ठा तैयार किया गया था, उसे कुछ दिन पहले एक आवारा कुत्ते ने काटा था, पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर भैंसादंड गांव में शादी समारोह चल रहा था। बारातियों और मेहमानों को भोजन के साथ मट्ठा भी परोसा गया। लेकिन बाद में ग्रामीणों को पता चला कि जिस गाय का दूध इस्तेमाल हुआ, वह करीब एक सप्ताह पहले कुत्ते के काटने का शिकार हुई थी।
हैरानी की बात यह रही कि कुत्ते के काटने के बावजूद गाय का दूध निकालना बंद नहीं किया गया। कुछ दिनों बाद गाय की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसमें रेबीज जैसे संदिग्ध लक्षण दिखाई देने लगे। यह खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसादंड में तत्काल मेडिकल कैंप लगाया गया, जहां शादी में शामिल लोगों की जांच की गई। एहतियात के तौर पर करीब 92 लोगों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल किसी भी व्यक्ति में संक्रमण या बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन सभी लोगों की निगरानी की जा रही है। वहीं पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी लोकेश बेलवंसी ने बताया कि गाय में रेबीज के संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी पशु को कुत्ता काट ले तो तुरंत पशु चिकित्सक को सूचना दें और ऐसे पशु का दूध या उससे बने पदार्थों का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। इस घटना ने गांव ही नहीं, पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है।