महिला निकली नशीले इंजेक्शन की सौदागर,100 नशीले इंजेक्शन जब्त, महिला को भेजा जेल | SAGAR TV NEWS |
नशीले इंजेक्शन बेचने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जहां जांच पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला नशे की सौदागर निकली है। जिसके पास से 100 नशीले इंजेक्शन जप्त किये गए हैं। कार्यवाई एमपी के अनूपपुर जिले की पुलिस ने की है। बताया जा रहा है की आरोपी महिला छत्तीसगढ़ से नशे की खेप लाती थी। जिसे गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजा गया है।
बताया गया की अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके घर से 100 नशीले इंजेक्शन जप्त किये। जिनकी कीमत 20 हजार रूपये बताई जा रही है। महिला पर एनडीपीएस एक्ट और औषधि निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी विकास सिंह के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि भालुगुडार गांव में एक महिला अपने घर पर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन छिपाकर बेच रही है। जिसके आधार पर पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7, भालुगुडार, बिजुरी निवासी 32 साल की पुष्पा उर्फ रानी सिंह उइके के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुष्पा के घर से फेनिरामाइन मैलिएट के 50 नग (10 ml) और बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन के 50 नग (2 ml) बरामद हुए। आरोपी महिला इन इंजेक्शनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।
पुलिस का कहना है की महिला पहले से ही इस कारोबार में शामिल थी। वह छत्तीसगढ़ से ये इंजेक्शन लाकर आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचती थी। ये इंजेक्शन स्थानीय बाजार में खपाए जाने थे। जिन्हे जब्त करने के बाद पुष्पा उइके को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। महिला खिलाफ इसी तरह का एक मामला पहले भी छत्तीसगढ़ में दर्ज है। फ़िलहाल पुलिस आगे की कार्यवाई में जुट गयी है।