रात के अंधेरे में चोरों की तरह दफ्तर में घुसे अधिकारी-कर्मचारी,जरुरी दस्तावेज ले गए, CCTV में कैद
एक अधिकारी और तीन कर्मचारी रात के अंधेरे में चोरों की तरह नगर पालिका के दफ्तर में घुसे और वहां से कुछ ज़रूरी दस्तावेजों को निकाला और उन्हें लेकर चलते बने। लेकिन यह पूरा वाक्या सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। जिसके बाद अब बवाल मचा हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। यह पूरा मामला एमपी के शहडोल जिले से सामने आया है। जहां धनपुरी नगर पालिका के अंदर पदस्थ एक अधिकारी और दो कर्मचारी रात के अंधेरे में चोरों की तरह ताला खोलकर घुसे थे।
नगर पालिका में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक राम विशाल नापित पर आरोप है कि वह एक लग्जरी थार गाड़ी में सवार होकर रात के सन्नाटे में कार्यालय पहुंचे। उनके साथ राजेश नामक एक व्यक्ति और एक अन्य साथी भी मौजूद था। ऐसा आरोप है कि तीनों ने दफ्तर का ताला खोला। चोरों की तरह अंदर दाखिल हुए। और स्थापना कक्ष से जरूरी दस्तावेज लेकर निकल गए। लेकिन चोरी-छिपे कार्यालय से ज़रूरी दस्तावेजों को ले जाने की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद अब राजनीति भी गरमा गई है। वार्ड नंबर 4 के पार्षद और भाजपा नेता प्रवीण बडोलिया ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए CMO से लिखित शिकायत की है। उन्होंने सवाल उठाया की आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी या कौन सा राज छिपाना था। जिसके लिए एक अधिकारी को रात के अंधेरे में चोरों की तरह दफ्तर में घुसना पड़ा। इस पूरे मामले में CMO पूजा बुनकर का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। सीसीटीवी फुटेज की प्रारंभिक जांच की गई है। संबंधित अधिकारी और उनके सहयोगियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जांच की जा रही है कि कौन से दस्तावेज ले जाए गए हैं इसके पीछे की मंशा क्या थी? जांच रिपोर्ट के आधार पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।------