कलेक्टर एक्शन में! नावों में सेफ्टी अनिवार्य, नर्मदा घाट पर सख्त निर्देश | SAGAR TV NEWS |
एमपी के हरदा जिले में प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को हंडिया स्थित नर्मदा घाट का निरीक्षण किया और सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि नर्मदा नदी में चलने वाली सभी नावों में पर्याप्त संख्या में सेफ्टी जैकेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। साथ ही नाव संचालन को ठेका प्रणाली के तहत संचालित करने और ठेके की शर्तों में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पर्यटन स्थल जोगा के आसपास संचालित नावों में भी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हंडिया नर्मदा घाट को प्लास्टिक फ्री बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि घाट पर प्लास्टिक कचरा फैलाने वालों पर सख्त जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही हंडिया बाजार को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। इसके बाद कलेक्टर ने खेड़ा और मांगरूल के गेहूं उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर स्लॉट बुकिंग, तुलाई व्यवस्था और छाया-पानी जैसी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उपज बेचने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।