MP | 85 साल के बुजुर्ग का बाहुबली अवतार ! तेंदुए से भिड़कर बचाई जान
एमपी के सागर संभाग के पन्ना से एक हैरान कर देने वाली लेकिन प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां 85 साल के बुजुर्ग ने अपनी बहादुरी से मौत को मात दे दी। पवई वन परिक्षेत्र के नारदपुर गांव में एक बुजुर्ग का सामना सीधे एक खूंखार तेंदुए से हो गया, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और डटकर मुकाबला किया।
कहते हैं हिम्मत-ए-मर्दा तो मदद-ए-खुदा… और इस कहावत को सच कर दिखाया है अर्जुन सिंह ने। जानकारी के मुताबिक, अर्जुन सिंह अपनी गुमशुदा भैंस को ढूंढने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों के पीछे से एक तेंदुआ निकल आया और सीधे उन पर हमला कर दिया।
तेंदुए ने गर्दन पर वार करने की कोशिश की, लेकिन अर्जुन सिंह ने घबराने के बजाय साहस दिखाया। उन्होंने तुरंत तेंदुए का कान पकड़ लिया और हाथ में मौजूद डंडे से लगातार वार करने लगे। करीब 5 मिनट तक दोनों के बीच यह खौफनाक संघर्ष चलता रहा।
आखिरकार बुजुर्ग की हिम्मत के आगे तेंदुआ भी हार गया और जान बचाकर जंगल की ओर भाग निकला। हालांकि इस संघर्ष में अर्जुन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया और फिर पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। वनकरक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना पवई वन परिक्षेत्र की है और घायल बुजुर्ग का इलाज जारी है। विभाग ने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
आज पूरा क्षेत्र अर्जुन सिंह के इस साहस को सलाम कर रहा है। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका जज्बा और हिम्मत हर किसी के लिए मिसाल बन गई है।
यह घटना बताती है कि हिम्मत और हौसले के सामने सबसे बड़ा खतरा भी छोटा पड़ जाता है।