CM मोहन यादव का औचक दौरा! ट्रॉली पर चढ़कर परखा उपार्जन केंद्र, किसानों से सीधी बात | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों किसानों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने अचानक सेवा सहकारी संस्था दताना के नागझिरी स्थित एग्रो साइलो उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिससे पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएम डॉ. मोहन यादव का अंदाज भी इस दौरान बिल्कुल अलग नजर आया। वे सीधे ट्रॉली पर चढ़ गए और तेज धूप के बीच किसानों के बीच खड़े होकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गेहूं की तुलाई प्रक्रिया, रजिस्ट्रेशन, भुगतान व्यवस्था और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
सबसे खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कई किसानों ने भुगतान में देरी और व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों की जानकारी दी, जिस पर सीएम ने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री इस तरह अचानक निरीक्षण पर पहुंचे हों। पिछले कुछ दिनों से वे लगातार अलग-अलग जिलों के उपार्जन केंद्रों का दौरा कर रहे हैं और जमीनी हकीकत को परख रहे हैं। किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने गेहूं खरीदी पर बोनस बढ़ाने, खरीदी की अवधि बढ़ाने और लक्ष्य में इजाफा करने जैसे अहम फैसले भी लिए हैं।
सीएम मोहन यादव का साफ संदेश है कि किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने संकेत दिए हैं कि आगे भी किसी भी जिले में कभी भी औचक निरीक्षण हो सकता है, ताकि कोई भी केंद्र लापरवाही न बरत सके। मुख्यमंत्री के इस जमीनी और सक्रिय अंदाज की किसानों ने जमकर सराहना की है। किसानों का कहना है कि अब उन्हें उम्मीद है कि समय पर सही दाम और भुगतान मिलेगा। सरकार का यह सख्त और संवेदनशील रुख आने वाले समय में किसानों के लिए राहत भरा साबित हो सकता है।