सागर- महाकाली मंदिर में चोरी,जाली से घुसा चोर दान पेटी तोड़कर ले उड़ा रूपये, CCTV के काट दिए तार
चोरों में पुलिस की दहशत नज़र नहीं आ रही है। जिससे लगातार चोरियों की वारदातें सामने आ रही हैं। सागर जिले के खुरई थाना क्षेत्र में चोरी की एक और घटना हुई। भीड़भाड़ वाले इलाके में अज्ञात चोरों ने महाकाली मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर करीब डेढ़ लाख रूपये की नगदी लेकर चम्पत हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी जमा हो गयी थी।
बताया गया की खुरई के सबसे व्यस्ततम इलाके शिवाजी चौक पठार पर स्थित प्रसिद्ध महामंगला महाकाली मंदिर को निशाना बनाया। जहां मंदिर की जाली से हाथ डालकर पहले सीसीटीवी कैमरे के तार निकाले इसके बाद मंदिर के मेन गेट का ताला तोड़े बिना चोर जाली के सहारे मंदिर में घुसे और पेटी को परिक्रमा में ले जाकर उसे तोड़कर रुपए ले उड़े। प्रसिद्ध मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना के बाद एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना, शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी समेत मंदिर समिति के सदस्य और आमजन बड़ी संख्या में पहुंचे।
मंदिर समिति के सदस्यों के मुताबिक मंदिर के पुजारी ने जब मंदिर का गेट खोला तो दान पेटी गायब थी। सूचना के बाद मंदिर समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। जहां देखा कि चोर मंदिर के बाहर लगे मेन गेट के ऊपर लगी जाली के रास्ते से अंदर घुसा। इसके पहले चोर ने जाली से हाथ डालकर सीसीटीवी कैमरे के तार अलग कर दिए। चोर ने मंदिर में प्रवेश करते ही मंदिर की लाइटों को बंद कर दिया और कांच की दान पेटी को खोलकर मंदिर के पीछे ले गया।
जहां चोर ने कांच तोड़कर उसमें रखी नगदी उड़ा ली। चिल्लर और कुछ दस रुपए के नोट वहीं छोड़ दिए। मंदिर की दानपेटी चैत्र नवरात्रि के पहले खोली गई थी। कुछ ही दिनों में पेटी खोली जाना थी। लेकिन इसके पहले ही मंदिर में चोरी हो गई। पेटी में करीब एक से डेढ़ लाख रुपए थे। ऐसी जानकारी है की तीन साल पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। हालांकि कुछ दिनों बाद चोर पकड़ा गया था। रेकी करने के बाद ही घटना को अंजाम दिया गया है। शहर के बीचों बीच मंदिर में चोरी की घटना ने पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी का कहना है। की मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।