रियल स्टेट घोटाला उजागर,जमीन के बदले फर्जी प्लॉट थमाकर हड़पी करोड़ों की जमीन, 6 पर हुई FIR
जमीन के बदले में फर्जी प्लाट थमाकर संपत्ति हड़पने के एक सनसनीखेज रियल स्टेट घोटाला उजागर हुआ है। जहां आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का नामांतरण और विक्रय किया। मामला एमपी के ग्वालियर का है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने क्रेडाई के पूर्व अध्यक्ष अतुल अग्रवाल समेत कुल छह लोगों के खिलाफ जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है की आरोपियों ने उनकी शंकरपुर कीमती जमीन के बदले सिटी सेंटर में फर्जी प्लॉट देने का झांसा दिया था। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आंगे की जांच शुरू कर दी है।
ग्वालियर जीवाजीगंज के रहने वाले फरियादी राजेश मंगल का आरोप है की भूखंड क्रमांक 165-ए को लेकर प्रमोद अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, अनिल गुप्ता, राजीव गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता और राहुल अग्रवाल ने मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का नामांतरण और विक्रय किया। सिटी सेंटर क्षेत्र की यह जमीन पहले राजेंद्र गृह निर्माण सहकारी समिति से जुड़ी बताई गई। साल 2008-09 में भूखंड के बदले भूखंड देने के लिए दस्तावेज बनाए। इसके बाद नामांतरण की प्रक्रिया में लीज डीड और अन्य दस्तावेज लगाए गए। जिन्हें फरियादी ने फर्जी बताया है। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर भूखंड का नाम पहले प्रमोद अग्रवाल, फिर अन्य व्यक्तियों के पक्ष में दर्ज कराया गया और बाद में विक्रय पत्र भी तैयार हुआ। इस जमीन फर्जीवाड़े के मामले में कोर्ट के आदेश पर पूर्व क्रेडाई अध्यक्ष अतुल अग्रवाल समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज हुई है। खुलासा होने के बाद मामला कोर्ट में पहुंचा। जिसके आदेश के बाद फरियादी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का नामांतरण और विक्रय किया है। मामले की जांच एसआई मोहिनी वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अब नामांतरण रिकॉर्ड, रजिस्ट्री, लीज डीड, सहकारी समिति के दस्तावेज और संबंधित विभागों से बनाए गए दस्तावेजों की जांच करेगी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने राजेश मंगल से शंकरपुर और सिटी सेंटर स्थित जमीन की एक्सचेंज की डील की थी। बाद में आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज से भूखंड के नामांतरण और विक्रय कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।--