सागर- सांड की जान जाने के बाद युवाओं ने किया चक्काजाम, मौके पर पहुंची पुलिस | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई में एक सांड की भूख से जान चले जाने के बाद हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में युवाओं ने सांड की बॉडी को लेकर परसा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। साथ ही आक्रोशित युवाओं ने जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। सांड की जान जाने के बाद युवाओं ने नगर पालिका की हनौता गौशाला के लोगों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। आरोप है की लालू नाम के सांड को जब उचित खाना नहीं मिला तो उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक शहर के पीपल चौराहा के पास सांड की अचानक जान चली गई। इस बात की जानकारी लगते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोग पिकअप वाहन में सांड की बॉडी को लेकर परसा चौराहा पहुंचे। जहां उन्होंने बीच सड़क पर वाहन खड़ा करके चक्काजाम लगा दिया। युवाओं ने नगर पालिका प्रशासन समेत गौशाला प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवाओं ने गौशाला की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग को लेकर चक्काजाम लगाया था। इस बात की सूचना लगते ही शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी, नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद जाम ख़त्म कराया।
गौसेवकों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर हनौता गौशाला में पर्याप्त व्यवस्थाएं करने की मांग की है। करीब एक घंटे तक चक्काजाम लगा रहा। इस दौरान वाहन चालक परेशान होते रहे। इसके बाद गौसेवकों ने विधि विधान के साथ सांड की अंतिम यात्रा निकालकर उसका क्रिया कर्म किया।