सागर- संदिग्ध कार को रोका अंदर से मिली 12 पेटी अवैध शराब, एक आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
अवैध रूप से लाई जा रही शराब को लेकर पुलिस ने कार्यवाई को अंजाम दिया है। जहां उत्तर प्रदेश पासिंग एक कार से करीब 12 पेटी शराब की बरामद की गई हैं। इसके अलावा एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्यवाई सागर जिले के बीना क्षेत्र में की गयी। बताया जा रहा है की खिमलासा रोड स्थित ओवरब्रिज के पास पुलिस ने कार से शराब जप्त की। बताया गया की शराब को डिग्गी और सीट के पास छिपाकर रखा गया था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को संदिग्ध वाहन से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। सूचना लगते ही पुलिस टीम ने खिमलासा रोड ओवरब्रिज ब्रिज के पास घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश पासिंग स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 12 पेटी देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम रंजीत अहिरवार निवासी खुरई बताया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा है की शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां सप्लाई की जानी थी। पुलिस की माने तो क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।