सागर- सलाद की बात पर चली जमकर कुर्सियां,शादी समारोह बना जंग का मैदान,वीडियो आया सामने SAGAR TV NEWS
सागर जिले के खुरई से एक बेहद ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शादी का कार्यक्रम अचानक दंगल में बदल गया। लोगों ने एक दूसरे पर जमकर कुर्सियां बरसाई। सलाद की मामूली बात को लेकर शुरू हुई बातचीत विवाद में बदल गयी। जिसके बाद एक दूसरे में कुर्सियां चलने लगी। युवकों ने कुर्सियों को फेंक-फेंक कर एक दूसरे को मारा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से 6 लोगों को मामूली चोटें आई थी।
बताया जा रहा है की खुरई के सागर रोड पर स्थित एक निजी गार्डन में शादी समारोह चल रहा था। लड़की पक्ष के लोगों को जब खाने में सलाद नहीं मिला तो वह भड़क गए। लड़का और लड़की दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जहां लड़की पक्ष ने जमकर कुर्सियों में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों को मामूली चोटें भी आई।
बताया गया की खुरई शहरी थाना क्षेत्र के सागर रोड स्थित गार्डन में अहिरवार समाज के लड़के की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बीना क्षेत्र से आए लड़की पक्ष के लोग भी मौजूद थे। शादी समारोह में प्रतिभोज का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान लड़की पक्ष के एक व्यक्ति को जब खाने में सलाद नहीं मिली तो उसने वहां मौजूद कैटर से सलाद लाने का बोला, जिस पर उसने कहा कि सलाद काट रहे हैं। बस यहीं से पूरा विवाद शुरू हुआ।
इसी बात को लेकर लड़की पक्ष के लोगों ने विवाद करना शुरू कर दिया। जहां दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। लड़की पक्षों के लोगों ने कुर्सियों की जमकर तोड़फोड़ कर दी। मामला बढ़ते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद खुरई शहरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। इसके बाद मामला शांत हुआ। फिर शादी की आगे की रस्म शुरू हो सकी।