पांच बच्चों की मम्मी प्रेमी संग भाग गई, इंस्टाग्राम पर युवक से हुआ था प्यार
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की नींव को झकझोर कर रख दिया है। यहां ग्राम कांटी में एक महिला अपने पांच मासूम बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीछे छूट गए बच्चों की आंखों में सिर्फ एक सवाल है—“पापा, मम्मी कब आएगी?” बताया जा रहा है कि पीड़ित पति मूलचंद अहिरवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मूलचंद के मुताबिक, उसकी पत्नी 30 मार्च 2026 को घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपनी ढाई साल की बेटी की दवाई लेने जिला अस्पताल जा रही है। लेकिन वह फिर कभी वापस नहीं लौटी।
जांच में सामने आया कि महिला की पहचान बृजेश अहिरवार नाम के युवक से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर यह रिश्ता फरारी तक पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि दोनों सोशल मीडिया पर साथ में फोटो और रील भी शेयर कर रहे हैं, जिससे मामला और भी चर्चा में आ गया है। इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू है पीछे छूटे मासूम बच्चे। चार बच्चियां घर में मां का इंतजार कर रही हैं, जबकि सबसे छोटी ढाई साल की बच्ची को महिला अपने साथ ले गई है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और उनका मासूम सवाल हर किसी का दिल पिघला रहा है।
पीड़ित पति मूलचंद, जो दिल्ली में काम करता है, घटना के कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। उसने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन एक महीने बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह निराश है। वहीं एडिशनल एसपी आदित्य पटले का कहना है कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और महिला को जल्द दस्तयाब कर उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि सोशल मीडिया के इस दौर में रिश्तों की डोर आखिर कितनी मजबूत रह गई है? और सबसे बड़ा सवाल—क्या इन मासूम बच्चों को उनकी मां वापस मिल पाएगी?