शादी के स्टेज पर प्रेमी के गले में वर माला डालकर लिपट गई दुल्हन, हक्के बक्के रह गए लोग
एमपी के छिंदवाड़ा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। यहां उमरेठ थाना क्षेत्र के मुजावर गांव में एक शादी समारोह उस वक्त ड्रामे में बदल गया, जब दुल्हन ने सबके सामने दूल्हे को छोड़ अपने प्रेमी को वरमाला पहना दी। बताया जा रहा है कि यह घटना 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात की है। परासिया से बारात पूरे धूमधाम से मुजावर गांव पहुंची थी। बैंड-बाजे, आतिशबाजी और खुशियों के बीच हर कोई इस नए रिश्ते का गवाह बनने को उत्साहित था। दूल्हा स्टेज पर पहुंच चुका था और दुल्हन को भी वरमाला के लिए मंच पर लाया जा रहा था।
लेकिन तभी अचानक सबकुछ बदल गया। दुल्हन ने दूल्हे की ओर बढ़ने के बजाय पंडाल में खड़े अपने प्रेमी की तरफ कदम बढ़ाए और उसके गले में वरमाला डाल दी। इतना ही नहीं, वह उससे लिपट भी गई। यह नजारा देख पूरे पंडाल में सन्नाटा छा गया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। वधु पक्ष के कुछ लोगों ने युवक और युवती के साथ मारपीट भी कर दी। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से आहत दूल्हे ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, युवती का उस युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था और वह परिवार के दबाव में शादी के लिए राजी हुई थी। लेकिन आखिरी वक्त पर उसने अपने दिल की सुनते हुए यह बड़ा कदम उठा लिया। वर पक्ष ने इस पूरे मामले की शिकायत उमरेठ थाने में दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि दूल्हे पक्ष को इस घटना से आर्थिक नुकसान और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा है। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में दूल्हे के पास धोखाधड़ी, मानसिक प्रताड़ना और मानहानि का केस करने का अधिकार होता है। अब यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है—जहां एक तरफ प्यार की जीत की बात हो रही है, तो वहीं दूसरी तरफ रिश्तों की मर्यादा पर भी सवाल उठ रहे हैं।