एक साथ जली 9 चिताएं, हर आँख हो गई नम, तो 4 महिलाओं का भी अंतिम संस्कार हुआ एक साथ
जब एक साथ 9 चिताएं जलीं तो हर एक आँख नम हो गयी। दुखद घटना के बाद से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। भीखी आँखों से आख़िरी विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ये भयावह तस्वीर देखकर हर कोई सिहर उठता है। नज़ारा एमपी के धार जिले का है। जहां एक सड़क हादसे में कई परिवार उजड़ गए। जिसके बाद एक साथ चिताएं जली। श्रद्धांजलि देने केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी पहुंची।
जिले के तीरला थाना अंतर्गत चिकलीया गांव में मजदूरों से भरी पिकअप और स्कॉर्पियो में हुई भिड़ंत में 16 मजदूरों की जान चली गई। जिले के अमझेरा थाने के नयापुरा गांव में गुरुवार को 9 लोगों का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। जिसमें अधिकतर एक ही परिवार के लोग शामिल थे। जिसके चलते नयापुरा में दुख का माहौल पसर गया। केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर भी मृतक 9 लोगों के अंतिम संस्कार में पहुंची। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कीं। साथ ही कहा कि शासन स्तर पर हर संभव मदद की जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने रामपुरा, सेमलीपुरा और नयापुरा पहुंचकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
इसके अलावा तीरला थाना अंतर्गत सेमलीपुरा गांव में 4 महिलाओं का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूरे गांव में गम का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इस घटना को लेकर अपनी दुख संवेदना व्यक्त कीं। वहीं प्रशासन इस जद्दोजहद में लगा है कि इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो और पिकअप वाहनों में इस तरह क्षमता से अधिक मजदूरों को बिठाकर न ले जाया जाए। इस हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। खुद प्रधानमंत्री ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है।-