मंदिर मूर्ति चोरी का खुलासा! 25 लाख की चांदी की मूर्ति-सिंहासन बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार SAGAR TV NEWS
एमपी के दतिया के प्रसिद्ध जैन तीर्थ सोनागिर मंदिर में हुई सनसनीखेज मूर्ति चोरी का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया करीब 25 लाख रुपए का सामान बरामद कर लिया है। दरअसल, 4-5 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर भगवान चंद्रप्रभु की चांदी की मूर्ति, चांदी का सिंहासन और अन्य कीमती धार्मिक सामग्री चोरी कर ली थी। घटना सामने आने के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया। इस ऑपरेशन की निगरानी आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी कर रहे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 20-20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल विश्वकर्मा, जो एक अंतरराज्यीय शातिर चोर है, के अलावा दिलीप दांगी और गुलाब अहिरवार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विशाल 100 से ज्यादा मूर्ति चोरी की वारदातों में शामिल रह चुका है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई चांदी की मूर्ति, सिंहासन और अन्य धार्मिक सामग्री बरामद कर ली है। इस बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि टीम ने आधुनिक तकनीक और पारंपरिक जांच के संयोजन से आरोपियों तक पहुंच बनाई और कम समय में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई के बाद जैन समाज ने पुलिस की सराहना की है और राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गिरोह और किन-किन वारदातों में शामिल रहा है। अब इस खुलासे के बाद उम्मीद है कि मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।