Sagar -बाघराज वार्ड में जल संकट पर सियासत तेज ! पाइपलाइन बिछाने की तैयारी, टैंकर और बोर से सप्लाई जारी
सागर के बाघराज वार्ड में पेयजल संकट को लेकर सियासत गरमा गई है। एक तरफ कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया, तो वहीं दूसरी ओर नगर निगम ने जल आपूर्ति को लेकर बड़े दावे किए हैं। वार्ड पार्षद और एमआईसी सदस्य राजकुमार पटैल ने कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से वार्ड में लगातार पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि किशोर न्यायालय क्षेत्र के आसपास 5 हैंडपंप खुदवाए गए हैं और अब जल्द ही यहां नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू होने वाला है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और एजेंसी भी तय कर दी गई है।
नगर निगम का दावा है कि पाइपलाइन बिछने के बाद क्षेत्र के हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया जाएगा, जिससे जल संकट का स्थायी समाधान हो सकेगा। फिलहाल गर्मी को देखते हुए निगम ने अस्थायी इंतजाम किए हैं। टैंकर और बोर के जरिए पानी सप्लाई की जा रही है, ताकि लोगों को राहत मिल सके। महापौर संगीता सुशील तिवारी और निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने जलप्रदाय विभाग को निर्देश दिए हैं कि जहां भी पानी की समस्या सामने आए, वहां तुरंत टैंकर भेजे जाएं। हालांकि, विपक्ष इस मुद्दे पर लगातार निगम को घेर रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि वार्ड में पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है और केवल दावे किए जा रहे हैं।
इस पर पार्षद राजकुमार पटैल ने पलटवार करते हुए कहा कि विरोध करने वाले नेताओं ने जमीनी हकीकत नहीं देखी और लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या निगम की पाइपलाइन योजना वाकई धरातल पर उतर पाएगी या फिर पानी का यह मुद्दा आने वाले समय में और राजनीतिक रंग लेगा? फिलहाल, भीषण गर्मी के बीच बाघराज वार्ड के लोग पानी की हर बूंद के लिए जूझ रहे हैं और समाधान का इंतजार कर रहे हैं।