सागर- अस्पताल से मरीज हुआ लापता, अब सड़क किनारे पड़ा मिला,अस्पताल को नहीं थी जानकारी | SAGAR TV NEWS |
सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र से सामने आये एक मामले ने सनसनी फैला दी। जिस व्यक्ति को इलाज कराने अस्पताल लाया गया था उसकी डेड बॉडी पड़ी मिलने से हड़कंप मच गया। सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है की एक दिन तक मरीज का इलाज चला। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। लापरवाही की बात ये है की अस्पताल प्रबंधन को इस बात की जानकारी ही नहीं थी की आखिर व्यक्ति गया कहां। अब उसकी डेड बॉडी पड़ी मिली है। जिसके बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल मकरोनिया सामुदायिक अस्पताल के बाहर एक व्यक्ति की डेड बॉडी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
मृतक की पहचान बेरखेड़ी निवासी 65 साल के नंदू पटेल के रूप में हुई है। बताया गया की बीते 25 अप्रैल को बंडा रोड स्थित यश ढाबा से 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई थी कि एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में घूम रहा है। जिसके बाद 108 एंबुलेंस ने उसे मकरोनिया सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका एक दिन तक इलाज चला। लेकिन इसी दौरान नंदू पटेल अचानक लापता हो गए। जिसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन को नहीं थी। अस्पताल के प्रबंधक से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि उनका ट्रांसफर हो चुका है। उन्हें इस मामले में किसी प्रकार की जानकारी नहीं है कि वह व्यक्ति कौन था और कहां का रहने वाला था। राहगीरों ने अस्पताल के बाहर डेड बॉडी पड़ी देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर बॉडी को पीएम के लिए भेजा।
जानकारी के मुताबिक मृतक के पूरे शरीर में फंगल इन्फेक्शन था। वह कई दिनों से बीमार चल रहा था। इसके अलावा इलाज में लापरवाही के आरोप भी सामने आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है जान जाने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।