अस्पताल में नशेड़ी पिता का तांडव! मेटरनिटी वार्ड में मचाया हंगामा, प्रसूताएं दहशत में
एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिला अस्पताल से एक चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक नशे में धुत पिता ने मेटरनिटी वार्ड को रणक्षेत्र बना दिया। इस हाईवोल्टेज ड्रामे से वार्ड में भर्ती प्रसूताएं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना मंगलवार की है, जब हजारी वंशकार नामक युवक अपनी नवजात बच्ची को देखने अस्पताल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह शराब के नशे में बुरी तरह धुत था और आते ही उसने वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। पहले उसने अपनी पत्नी से गाली-गलौज की और फिर गुस्से में आकर वार्ड में रखा खाना फेंक दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि उसने अपने कपड़े तक फाड़ डाले।
अचानक हुए इस उत्पात से वार्ड में मौजूद महिलाओं और नवजात बच्चों की माताओं में दहशत फैल गई। कई प्रसूताएं अपने शिशुओं को लेकर वार्ड से बाहर निकलने को मजबूर हो गईं। स्थिति को संभालने पहुंचे सुरक्षा गार्डों के साथ भी युवक ने अभद्रता की। काफी मशक्कत के बाद गार्ड्स ने उसे काबू में किया और अस्पताल चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान एक और चौंकाने वाला दृश्य सामने आया, जब युवक की मां मौके पर पहुंची और गुस्से में उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया।
इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस जगह पर जहां संवेदनशील मरीज—प्रसूता महिलाएं और नवजात शिशु मौजूद होते हैं। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है, वहीं पुलिस भी आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई में जुट गई है। यह घटना साफ संकेत देती है कि अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।