सागर- सोते समय पिता-पुत्र के ऊपर गिरी घर की छत, नहीं बच सका बेटा, पिता कर रहा संघर्ष | SAGAR TV NEWS
हाल ही में सागर जिले में बेमौसम बारिश देखने को मिली थी। जिसके बाद अब सागर के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है जहां सोते समय पिता-पुत्र के ऊपर घर की छत भरभराकर गिर गयी। जिससे बेटे की जान चली गयी। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसे इलाज के लिए सागर रैफर किया गया है। यह पूरी घटना गढ़ाकोटा थाना अंतर्गत भटोली कुमेरिया गांव से सामने आई है। जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया वहीं गांव में शोक की लहर फ़ैल गयी। यह हादसा बारिश के बाद छत पर पानी भरने की वजह से होना बताया जा रहा है। पानी की वजह से सीलिंग कमजोर हो गयी थी।
बताया जा रहा है की घर की छत गिरने से 14 साल के बच्चे की मौके पर जान चली गई। जानकारी के अनुसार भटोली कुमेरिया गांव निवासी गोविंद लड़िया अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह तकरीबन 7 बजे अचानक मकान की छत की सीलिंग भरभराकर गिर गई। जिसकी चपेट में आकर उनका बेटा केशव लड़िया और खुद गोविंद लड़िया घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गढ़ाकोटा के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद केशव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गोविंद की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ग्रामीणों के मिली जानकारी के मुताबिक एक दिन पहले हुई बारिश के कारण मकान की छत में पानी भर गया था। जिससे सीलिंग कमजोर हो गई और सुबह यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।