वन स्टॉप सेंटर से 3 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागीं, पुलिस अलर्ट
एमपी के सतना के जवाहर नगर स्थित वन स्टॉप सेंटर से तीन नाबालिग बालिकाओं के फरार होने से हड़कंप मच गया है। देर रात हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बालिकाओं ने डोरमेट्री की खिड़की की ग्रिल तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गईं। जानकारी के मुताबिक, तीनों बालिकाएं बाल कल्याण समिति के आदेश पर वन स्टॉप सेंटर में अस्थायी रूप से रह रही थीं। इनमें एक बालिका उत्तर प्रदेश के बिजनौर की है, जबकि दो सतना जिले के पौराणिक टोला और रामपुर बघेलान क्षेत्र की रहने वाली हैं।
बताया जा रहा है कि जिस डोरमेट्री में ये बालिकाएं ठहरी थीं, उसकी पिछली खिड़की की ग्रिल को तोड़कर वे एक-एक कर बाहर निकलीं। सेंटर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने और मुख्य गेट पर चौकीदार की मौजूदगी के बावजूद यह घटना हो गई। आशंका है कि सेंटर के पीछे स्थित सीएम राइज स्कूल के मैदान की ओर से तीनों फरार हुईं। घटना की जानकारी मिलते ही वन स्टॉप सेंटर प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई। अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव ने तत्काल सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कई टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। साथ ही शहर के प्रमुख सीसीटीवी कैमरों और स्मार्ट सिटी नेटवर्क की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बालिकाओं के परिजनों और परिचितों से भी संपर्क कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीनों बालिकाएं पहले भी घर से भागने के मामलों में पुलिस के संपर्क में आ चुकी थीं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीनों को सुरक्षित बरामद करने के प्रयास जारी हैं।