सागर- देवरी में किसानों का गुस्सा फूटा, कांग्रेस का बड़ा धरना, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
सागर जिले के देवरी में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय के सामने एक दिवसीय विशाल धरना दिया गया, जिसमें सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मंत्री हर्ष यादव के मार्गदर्शन में सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सबसे बड़ी समस्या गेहूं खरीदी में हो रही देरी को बताया। उनका कहना है कि उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्था, तुलाई में देरी और सीमित क्षमता के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। कई किसानों को अब तक भुगतान भी नहीं मिला है। कांग्रेस ने मांग की कि खरीदी प्रक्रिया को तेज किया जाए और केंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाए।
इसके अलावा पेयजल संकट को लेकर भी आवाज उठाई गई। कई गांवों में हैंडपंप खराब पड़े हैं और जल जीवन मिशन के तहत चल रही योजनाओं में लापरवाही के आरोप लगाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। धरने में बिजली कटौती का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। किसानों ने आरोप लगाया कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि कृषि पंपों के लिए नियमित और मुफ्त बिजली सुनिश्चित की जाए।
फसल बीमा योजना को लेकर भी नाराजगी जताई गई। किसानों का कहना है कि बीमा कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं, जबकि उन्हें सही मुआवजा नहीं मिल रहा। इसके साथ ही नर्वाई जलाने के मामलों में कार्रवाई रोकने की मांग भी रखी गई। नगरपालिका की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए गए, जहां पेयजल, सफाई और विकास कार्यों की स्थिति खराब बताई गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र होगा।