रिहायशी इलाके में घुसी बाघिन का आतंक,दो बछड़ों का किया शिकार, डर के साये में लोग | SAGAR TV NEWS |
फिर एक बार रिहायशी इलाकों में बाघ की दहशत देखने को मिल रही है। जहां एक बाघिन द्वारा दो बछड़ों के शिकार किये जाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में भय फ़ैल गया है। वहीं सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। यह पूरा मामला पन्ना जिले का है। जहां टाइगर रिजर्व से सटे रिहायशी इलाकों में बाघों की दहशत देखने मिल रही है। इसी तरह का मामला अब तारा गांव से सामने आया है। जिसके बाद ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। दरअसल एक बाघिन ने तड़के सुबह आबादी के करीब पहुंचकर दो बछड़ों का शिकार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने मोर्चा संभाला।
बताया जा रहा है की डिप्टी डायरेक्टर बीके पटेल के नेतृत्व में 4 प्रशिक्षित हाथियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। विभाग के मुताबिक अगर हाथियों के जरिए बाघिन को जंगल में नहीं खदेड़ा जा सका। तो उसे ट्रेंकुलाइज किया जाएगा। इसके अलावा एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई जहां कई जोखिम बाघिन के नजदीक जाकर फोटो और वीडियो बनाते हुए भी नज़र आये। जो काफी घातक साबित हो सकता है।
वन विभाग और पुलिस ने लोगों को सख्त हिदायत दी है कि वन्यजीव के साथ ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। फिलहाल प्रशासन ने सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है साथ ही ग्रामीणों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी जा रही है।