नकली गुटखा फैक्ट्री पर बड़ा छापा, 6 घंटे की कार्रवाई में 11 मशीनें जब्त, यूनिट सील | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। करैरा अनुभाग के ग्राम अमोला में फूड एंड सेफ्टी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर प्रोसेसिंग यूनिट और पैकेजिंग गोदाम को सील कर दिया। यह कार्रवाई करीब 6 घंटे तक चली, जिसमें भारी मात्रा में मशीनें और सामग्री जब्त की गई। जानकारी के मुताबिक, करैरा एसडीएम अनुराग निगवाल और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टीला रोड स्थित कपूरी बाबा मंदिर के पास संचालित फैक्ट्री पर दबिश दी। टीम को देखते ही कई मजदूर मौके से फरार हो गए, जबकि करीब 15 मजदूरों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में गुटखा और पान मसाले की ग्राइंडिंग, मिक्सिंग और फ्लेवर मिलाने का काम किया जा रहा था। यहां कई मशीनें लगाकर अलग-अलग ब्रांड के नाम से नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। तैयार माल को पैकेजिंग के लिए करीब 12 किलोमीटर दूर अमोला-2 स्थित गोदाम में भेजा जाता था। जब टीम पैकेजिंग गोदाम पहुंची, तो वह पूरी तरह खाली मिला। आशंका जताई जा रही है कि छापे की सूचना पहले ही लीक हो गई, जिसके चलते आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल फैक्ट्री और गोदाम दोनों को सील कर दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने 11 से अधिक मशीनें, दो लोडिंग वाहन, एक आयसर और केमिकल से भरे कई ड्रम जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यहां लहर, पहेली, सर्कस, एलबी-10, एलबी-20 जैसे नामों से नकली गुटखा और पान मसाला पैक किया जा रहा था। प्रशासन अब फैक्ट्री के असली मालिक की तलाश में जुटा है और यह भी जांच की जा रही है कि यूनिट के पास वैध लाइसेंस था या नहीं। यह कार्रवाई जिले में मिलावटी और नकली उत्पादों के खिलाफ बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।