MP | 5 हजार की रिश्वत लेते वनरक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, सागर लोकायुक्त का बड़ा एक्शन | SAGAR TV NEWS |
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के टीकमगढ़ से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां सागर लोकायुक्त की टीम ने एक वनरक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सिंधी धर्मशाला के पास एक चाय की दुकान पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर वनरक्षक अरुण अहिरवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। आरोपी कुंडेश्वर बीट में पदस्थ था और लकड़ी परिवहन की अनुमति यानी टीपी (ट्रांजिट परमिट) बनाने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के वानपुर निवासी लकड़ी व्यापारी अरबाज खान ने इस पूरे मामले की शिकायत सागर लोकायुक्त से की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किसानों से लकड़ी खरीदकर फर्नीचर का काम करता है और उसे लकड़ी को एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने के लिए टीपी की जरूरत होती है। आरोप है कि वनरक्षक अरुण अहिरवार टीपी जारी करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। जिसमें से 3 हजार रुपये वह पहले ही ले चुका था और बाकी 5 हजार रुपये लेते समय लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी वनरक्षक हर महीने रिश्वत की मांग करता था और रकम लगातार बढ़ा रहा था। परेशान होकर व्यापारी ने लोकायुक्त का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद टीम ने योजना बनाकर यह ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियां लगातार सक्रिय हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं इस घटना के बाद आम लोगों में उम्मीद जगी है कि ऐसी कार्रवाइयों से सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी।