ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, बंदर की मौत, खेतों में भड़की आग, डेढ़ घंटे तक नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड
एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले के बृजपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट ने बेजुबान की जान ले ली और पूरे गांव को खतरे में डाल दिया। श्यामपुर-हटूपुर इलाके में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंदर ट्रांसफार्मर की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ हुए इस हादसे में बंदर की मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियों ने आसपास के खेतों में खड़ी सूखी नरवाई को आग की चपेट में ले लिया। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और खेतों से होते हुए पेड़ों तक फैल गई। हालात इतने बिगड़ गए कि आग की लपटें रिहायशी बस्ती की ओर बढ़ने लगीं, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीण अपने घरों, पशुओं और फसलों को बचाने के लिए सड़कों पर उतर आए। लोग बाल्टियों, डंडों और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग बुझाने में जुट गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासनिक लापरवाही के चलते ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि अगर समय पर दमकल पहुंच जाती, तो नुकसान को और कम किया जा सकता था। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही और आपातकालीन सेवाओं की सुस्ती को उजागर करती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच की जाए और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं को और अधिक सक्रिय बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।