अवैध रेत उत्खनन पर छापे के दौरान मचा बवाल, डर से नदी में कूदा युवक नहीं बच सका,लोगों ने टीम को घेरा
अवैध रेत के उत्खनन पर छापे दौरान जमकर बवाल मच गया। कार्यवाई करने पहुंची प्रशासन की टीम को देख एक युवक ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। गहरे पानी में चले जाने से उसकी जान चली गयी। जिसके बाद लोग भड़क गए और हंगामा करते हुए प्रशासन की टीम को घेर लिया।
घटना जबलपुर के बरेला थाना की गौर चौकी अंतर्गत जमतरा पुल के पास की है। जहां अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दरअसल छापेमारी के लिए पहुंची टीम को देख भगदड़ सी मच गई। तभी दहशत में एक युवक ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। डूबने से उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर सभी ग्रामीण समेत परिजन इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। और तनाव की स्थिति बन गयी।
बताया जा रहा है की अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर जिला प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। टीम को देख अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई युवक नदी तरफ भागने लगे। तभी खिरहनी गांव निवासी आकाश बर्मन ने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की मदद से बॉडी को बाहर निकाला गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। और माइनिंग टीम को घेर लिया। जिससे भारी पुलिस बल को बुलाना पड़ा। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
मामले में एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने जानकारी दी।