Sagar- ऑटो में छूटी 3 लाख की मशीन, रोते हुए पुलिस के पास पहुंचा युवक, 6 घंटे में पुलिस ने ढूंढा
सागर में ऑटो रिक्शा में सफर कर रहे युवक की 3 लाख रुपए कीमत की पीएफटी मशीन छूट गई। युवक ने तलाश की। लेकिन मिली। वह रोता हुआ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा और मामले की शिकायत की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने युवक को समझाइश देकर शांत कराया और टीम को ऑटो की तलाश में लगाया गया। पुलिस टीम ने 6 घंटे की सर्चिंग के बाद ऑटो को खोज निकाला। जिसमें युवक की मशीन मिल गई। मशीन को बरामद कर पुलिस ने सुरक्षित युवक को लौटा दी है।
जानकारी के अनुसार, सिप्ला कंपनी में ब्रीथ फ्री एजुकेटर के पद पर पदस्थ पंकज दुबे मंगलवार को मकरोनिया से ऑटो में सवार होकर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के पास जा रहे थे। तभी उन्होंने बस स्टैंड पर ऑटो बदला। लेकिन ऑटो में उनका बैग छूट गया। बैग में करीब 3 लाख रुपए कीमत की पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) मशीन रखी थी।
पंकज का बैग गायब होने पर वह तुरंत बस स्टैंड पहुंचा। लेकिन बैग नहीं मिला। जिस पर वह घबराया हुआ रोते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचा। जहां पुलिस में शिकायत की। उसने बताया कि वह 15 हजार रुपए महीने पर कंपनी में काम करता है। बैग में करीब 3 लाख रुपए कीमत की मशीन रखी है जो ऑटो में छूट गया है।
शिकायत पर कंट्रोल रूम में मौजूद एसआई आरकेएस चौहान ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के लिए आरक्षक रेखा रजक और योगेश को लगाया। उन्होंने बस स्टैंड से मकरोनिया तक के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जिसमें ऑटो नजर आया। ऑटो की पहचान होने पर उसकी तलाश शुरू की।
थाना पुलिस और फिक्स पिकेट्स को अलर्ट किया गया। इसी बीच ऑटो चालक के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस तत्काल ऑटो चालक के पास पहुंची और तलाशी ली। बैग ऑटो में रखा हुआ मिला। जिसमें मशीन सुरक्षित थी। 6 घंटे की मेहनत कर पुलिस बैग और मशीन को कंट्रोल रूम लेकर पहुंची। जहां सुरक्षित पंकज को लौटा दी गई।