दुल्हन समेत 4 की बची जान, 30 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाईं जिंदगियां
मध्य प्रदेश के अशोकनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर करीब 30 फीट गहरे सूखे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना खतरनाक था कि कुछ पल की देरी कई जिंदगियां ले सकती थी, लेकिन समय रहते पुलिस की सक्रियता ने बड़ा हादसा टाल दिया। यह घटना नई सराय थाना क्षेत्र के अखाई घाट और घुरवार गांव के बीच रविवार देर शाम हुई। जानकारी के मुताबिक, शिवपुरी के बड़ौदी निवासी सत्येंद्र बाथम के वाहन से कुछ लोग दुल्हन को लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक खतरनाक मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई और सीधे पास के सूखे कुएं में जा गिरी।
कार के कुएं में गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद एक राहगीर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नई सराय थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम और डायल 112 मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एक जवान को रस्सी के सहारे कुएं में उतारा गया, जिसने अंदर फंसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। इस दौरान एक महिला समेत तीन युवकों को बारी-बारी से बाहर निकाला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पुलिस कुछ देर और पहुंचती, तो कुएं के अंदर दम घुटने से सभी की जान जा सकती थी। फिलहाल सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, देर रात तक गिरे हुए वाहन को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और खतरनाक मोड़ों पर सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।