बेटे के सामने युवक की ह त्या, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम और फिर
एमपी के इंदौर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। हीरा नगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर में दिनदहाड़े युवक सुरेंद्र साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र अपने साले की शादी की सालगिरह के कार्यक्रम से अपने 8 साल के बेटे के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक खड़ी करने को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुरेंद्र पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि सुरेंद्र का मासूम बेटा अपने पिता को बचाने के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसकी एक न सुनी। सुरेंद्र जान बचाने के लिए भागा, लेकिन आगे पहले से मौजूद अन्य आरोपियों ने उसे घेर लिया और हमला जारी रखा। ज्यादा खून बहने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सजा की मांग की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया और हालात तनावपूर्ण हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रशासन के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त किया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर शहर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं और छोटी-छोटी बातों पर होने वाली हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।