सागर- गढ़ाकोटा फिर बना विवाह सम्मलेन का गवाह, 50 जोड़े शादी के बंधन में बंधे
सागर जिले के गढ़ाकोटा में फिर एक बार बड़ी संख्या में जोड़े शादी के पवित्र बंधन में बंधे हैं। गरीब कन्याओं के हाथ पीले कर नवदम्पतियों को पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव ने उन्हें आशीर्वाद दिया। गढ़ाकोटा में मुख्यमंत्री कन्यादान और 24वां पुण्य विवाह सम्मेलन का आयोजन हुआ। जिसमें 50 जोड़ों ने सात फेरे लिए।
गढ़ाकोटा के नटराज ऑडिटोरियम और स्टेडियम परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान समारोह और 24वें पुण्य विवाह सम्मेलन में सादगी,सेवा और सामाजिक समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के मुख्य आतिथ्य और मार्गदर्शन में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 50 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान,वैदिक मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए वर-वधू पक्ष के परिजन, बाराती और नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूदरहे। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था। साथ ही सभी अतिथियों को भोजन,पेयजल और शीतल पेय की उत्तम व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में अनुशासन, व्यवस्थापन और आत्मीयता का विशेष समन्वय देखने को मिला।
इस दौरान पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि शासन की योजनाएं चलें या न चलें, लेकिन समाज की यह परंपरा निरंतर चलती रहनी चाहिए। जो गरीब बेटियों के विवाह का सशक्त माध्यम बनती है। उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से निरंतर आयोजित हो रहे पुण्य विवाह सम्मेलन ने क्षेत्र में सेवा और समर्पण की एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता,सहयोग और संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं साथ ही समाज के कमजोर वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करते हैं। आखिर में उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संगीता मनोज तिवारी ने नव दम्पतियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए डस्टबिन भेंट किये और गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की बात कही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।--