सागर- रिश्तेदारी में गए व्यक्ति के सूने घर से लाखों की चोरी,कीमती जेवरों पर किया हाथ साफ़
सागर जिले में दिन ब दिन चोरी की वारदातों में इजाफा हो रहा है। एक के बाद एक इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। शहरी क्षेत्र ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों से भी चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला मालथौन थाना क्षेत्र के परसोन गांव से सामने आया है। जहां एक किसान के सूने घर का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ़ कर दिए। बताया जा रहा है की चोर करीब पांच लाख रूपये कीमत के जेवर लेकर रफू चक्कर हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात पर मामला दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू की है।
गौरतलब है की शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में चोरियों की घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हुई है। अब चोर ग्रामीण क्षेत्रों में भी चोरियों की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी तरह का मामला मालथौन के परसोन गांव से सामने आया है। जहां भेलैया रोड पर चोरों ने एक सूने मकान में धाबा बोलकर लाखों रुपए के जेवरातों की चोरी कर ली।
किसान अजब सिंह अहिरवार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। जब वापस लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। साथ ही अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। अलमारी से सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधौनी, कान की झुमकी, पायलें समेत अन्य जेवरात चोरी चले गए। उन्होंने बताया कि चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब 5 लाख रुपए है। पीड़ित ने मालथौन थाने में इसकी शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।