सागर- जिला अस्पताल में सांप से मचा हड़कंप,मरीजों में फैली दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल !
सागर के जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप की स्थिति बन गयी जब आईसीयू वार्ड की खिड़की पर सुबह के समय एक सांप नज़र आया। जिससे भर्ती मरीज सहम गए। साथ ही मरीजों के परिजनों में भी दहशत का माहौल बन गया। वह खिड़की के ऊपर तरफ बैठा हुआ था। जो कुछ वक़्त तक वहां पर मौजूद रहा। घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस दौरान वार्ड में मरीजों के परिजन सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नज़र आये। आनन-फानन में अस्पताल प्रबंधन को इस बात की सूचना दी गयी। वहीं ये सब उस दौरान हुआ जब एक दिन पहले ही नवागत कलेक्टर प्रतिभा पाल जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने बारीकी से हर काम का जायजा लिया था। सम्बंधित स्टाफ से बात भी की थी। साथ ही व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश भी दिए थे।
इस दौरान सबसे गनीमत की बात ये रही की सांप खिड़की के बाहर था। खिड़की पूरी तरह से बंद थी। अगर कोई सुराख या ज़रा भी जगह होती तो वह आसानी से अंदर भी आ सकता था। जिससे मरीजों की जान को ख़तरा भी था। हालांकि आईसीयू वार्ड होने से वह पूरी तरह से बंद था। जिससे किसी तरह की कोई अप्रिय स्थिति नहीं बन पाई। सूचना मिलने के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा। और हालात को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद सांप को खिड़की से अलग किया गया।
इस घटना ने न सिर्फ अस्पताल की सुरक्षा बल्कि साफ़-सफाई की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किये हैं। आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में इस तरह की घटनाओं से कई सवाल खड़े होते हैं। साथ ही गंभीर लापरवाही को भी उजागर करता है।
मामले में जिला अस्पताल के आरएमओ अभिषेक ठाकुर ने बताया कि जो वीडियो वायरल हुआ है यह आईसीयू के बाहर का है। आईसीयू एयर टाइट है। जहां हवा भी नहीं जा सकती। जो सांप दिखाई दिया था उसके बाद पेस्ट कंट्रोल का छिड़काव करवाया है वह भाग गया है।------