शराब दुकान खोली तो खैर नहीं, महिलाओं के विरोध के बाद बंद करनी पड़ी शराब दुकान !
शराब दुकानदारों को महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। आलम ये है की कई जगहों पर महिलाऐं खुलकर शराब दुकानों के विरोध में आ गयी हैं। जिससे हालात भी बिगड़ते नज़र आ रहे हैं। इसी तरह का एक और मामला सामने आया है। जहां शराब दुकान खुलने के विरोध में महिलाओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से क्षेत्र की महिलाएं इस दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। लोगों ने साफ़-साफ़ शब्दों में चेतावनी दे दी है की अगर दूकान को खोला जाता है तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। नज़ारा एमपी के बुरहानपुर का है। दरअसल शाहपुर नगर के वार्ड क्रमांक 14 में रहवासी इलाके में शराब दुकान खुलने का लगातार विरोध किया जा रहा है। सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि और भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और वार्डवासियों का समर्थन किया। उन्होंने ठेकेदार को दुकान हटाने की चेतावनी दी। जिसके बाद दुकान को बंद कराया गया।
दरअसल महिलाओं का कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोली गई है। उसके पास ही स्कूल और मंदिर स्थित हैं। ऐसे में यहां शराब की बिक्री से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। साथ ही ये भी आरोप है की दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में रोजाना शराबियों द्वारा विवाद और हंगामा किया जाता है जिससे रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने नगर परिषद और शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए शराब दुकान को रहवासी क्षेत्र से हटाने की मांग की थी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर महिलाओं ने दुकान के बाहर इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर शराब दुकान को यहां से नहीं हटाया गया। तो वे उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
इसको लेकर नगर परिषद् अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र तिवारी का कहना है की इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत की गई है। यह शराब दुकान अब यहां नहीं खुलने दी जाएगी। वहीं मौके पर पहुंचा पुलिस बल स्थिति को देखते हुए शाहपुर थाने का पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया।