Sagar - नरवाई में लगाई आग, हवा में 4km फैली, फसलें झोपड़ी खाक
प्रशासन की बार-बार मनाही और अपील के बाद भी किसान खेतों की नरवाई में आग लगा रहे हैं। गुरुवार को सागर के कैंट थाना क्षेत्र के बड़खेरा खुमान गांव से सामने आया, जहां एक खेत में लगाई आग हवा के साथ कई खेतों तक पहुंच गई। इसमें कुछ किसानों की फसल, खेतों में पड़े पाइप के साथ एक किसान की झोपड़ी व उसमें स्खा सामान जल गया।
बड़खेरा खुमान गांव निवासी शुभांक चाचोदिया ने बताया कि गांव के राजकुमार विश्वकर्मा के खेत में सबसे पहले आग लगी थी। आग किसने लगाई यह स्पष्ट नहीं है। शुभांक का कहना है कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे आग लगी और हवा के साथ कुछ ही देर में आसपास के खेतों तक पहुंच गई। आग से करीब तीन से चार किलोमीटर तक के खेतों की नरवाई के साथ भूसा, खेतों में रखे पाइप जल गए।
हवा के साथ आग बड़खेरा खुमान से खजुरिया गुरु के आसपास पहुंच गई। वहीं दूसरी ओर आग गांव की ओर भी बढ़ने लगी और एक किसान के घर की बाउंड्री तक पहुंच गई। यह देख तत्काल सूचना फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद सागर नगर निगम के दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया।